Uttarakhand Weather Update: पहाड़ से मैदान तक खिली धूप, सोमवार से बदलेगा मौसम; कोहरे का येलो अलर्ट, बारिश-बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में रविवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार से प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। मैदानी इलाकों में कोहरा छाने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं, जिससे ठंड बढ़ सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार अधिक हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इसके बाद 12 फरवरी से मौसम शुष्क होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में तेज धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी का अहसास बढ़ सकता है।

राजधानी दून में रविवार को चटख धूप के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री बढ़कर 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। यही स्थिति प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिली। मौसम विभाग ने कोहरे और संभावित बारिश-बर्फबारी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *