देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मंगलवार को पर्वतीय इलाकों में हुई बारिश और बर्फबारी से जहां मौसम सुहावना हुआ, वहीं मसूरी में अचानक हुई भारी ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से Dehradun समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है। इससे दृश्यता कम होने की आशंका है, ऐसे में वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तापमान सामान्य से ऊपर, ठंड से मिली राहत
बारिश-बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रही। हालांकि धूप निकलने से ठंड का असर कुछ कम महसूस किया गया। देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री बढ़कर 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
चार और पांच फरवरी को शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, चार और पांच फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं छह फरवरी को ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मसूरी में आधे घंटे तक चली ओलावृष्टि
मंगलवार को Mussoorie में करीब आधे घंटे तक हुई तेज ओलावृष्टि से पूरा शहर सफेद चादर में ढक गया। सड़कों पर फिसलन बढ़ने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। कई स्थानों पर वाहन रुक गए और लंबा जाम लग गया। दोपहिया वाहन चालकों को अपने वाहन धक्का मारकर निकालने पड़े।
सबसे अधिक ओलावृष्टि लालटिब्बा और मसराना क्षेत्र में हुई। मसराना में सड़क पर फिसलन के चलते करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे उत्तरकाशी, टिहरी और धनोल्टी की ओर जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
यात्रियों को हुई दिक्कत
धनोल्टी निवासी कुलदीप नेगी ने बताया कि देहरादून से मसूरी होते हुए धनोल्टी जाते समय मसराना के पास जाम में काफी देर तक फंसे रहना पड़ा। सड़क बेहद फिसलन भरी होने के कारण वाहन संभलकर चलाने पड़े। वहीं स्थानीय निवासी धर्मपाल पंवार और आशुतोष कोठारी ने कहा कि ओलावृष्टि के बाद मसूरी में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौट आई है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कोहरे और संभावित फिसलन को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।