उत्तराखंड में रविवार को पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। दिनभर तेज धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली, लेकिन अब मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से प्रदेश के मैदानी इलाकों में कोहरा छा सकता है, जबकि पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। मौसम में इस बदलाव के चलते ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में कोहरा छाने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने से दृश्यता कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। विशेष रूप से प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और पर्वतीय मार्गों पर फिसलन बढ़ सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का रुख कुछ ऐसा ही बना रह सकता है। इसके बाद 12 फरवरी से मौसम शुष्क होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी और दिन के समय हल्की गर्मी का अहसास होने लगेगा।
रविवार को देहरादून में चटख धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसी तरह प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहें और खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें।