देहरादून। उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मैदानी इलाकों में बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जिससे लंबे समय से जारी सूखी ठंड से राहत मिली। हालांकि, बारिश-बर्फबारी के साथ ही तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठिठुरन बढ़ गई। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन देहरादून, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों में शनिवार को सभी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
राजधानी देहरादून में तड़के सुबह से मौसम बिगड़ा रहा और दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। इसका असर तापमान पर साफ दिखाई दिया। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम होकर 14 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक 8.7 डिग्री दर्ज हुआ। प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश-बर्फबारी के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई, जबकि रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि 24 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है। वहीं 25 और 26 जनवरी को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत हैं, जिससे दोबारा हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
रातों में बढ़ेगी ठंड, तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 24 जनवरी के बाद दिन के मुकाबले रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके अलावा दिन के समय 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
शनिवार को भी हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में शनिवार को हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। विशेष रूप से 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक बताई गई है।
आशारोड़ी में दर्ज हुई सबसे ज्यादा बारिश
सुबह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। आंकड़ों के अनुसार देहरादून जिले में सबसे अधिक बारिश आशारोड़ी में 23.5 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा नंदा की चौकी में 22.5 मिमी, मोहकमपुर में 17.0 मिमी और हाथीबड़कला में 11.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक जिलेभर में औसतन 17.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय आवश्यक सावधानियां बरतें।