उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान: पर्वतीय जिलों में बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में रहेगा शुष्क मौसम

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बदलाव के दौर में है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इससे आने वाले दिनों में ठंड से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा के साथ बर्फबारी हो सकती है। खासतौर पर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने के अधिक आसार बताए गए हैं।

पूर्वानुमान में कहा गया है कि चार फरवरी तक प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। इसके बाद पांच फरवरी से मौसम शुष्क होने लगेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी और ठंड से राहत महसूस की जाएगी।

इस बीच शुक्रवार को प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में दिनभर तेज धूप खिली, जिससे तापमान में इजाफा दर्ज किया गया। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अन्य जिलों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखी गई।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, लेकिन फरवरी के पहले सप्ताह के बाद ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *