उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 17 फरवरी से ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 17 फरवरी से प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है। खासकर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के आसार हैं। वहीं प्रदेश के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

18 फरवरी को भी मौसम का रुख लगभग ऐसा ही रहने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 19 से 21 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बदलाव का तापमान पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा और दिन-रात के तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है।

उधर, रविवार को मैदान से लेकर पहाड़ तक चटक धूप खिली रही, जिससे लोगों को हल्की गर्मी का अहसास हुआ। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक बढ़कर 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री ज्यादा बढ़कर 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य जिलों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखने को मिली।

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है, विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों में संभावित बर्फबारी को देखते हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *