देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ बना हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, बर्फबारी और आंधी-तूफान की संभावना जताई है। खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और तूफान आने का भी अनुमान है। विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने जैसी स्थितियां भी पैदा हो सकती हैं। प्रशासन को भी संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं मैदानी इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। कई स्थानों पर तेज बारिश के दौर के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आने वाले दिनों के पूर्वानुमान की बात करें तो 25 मार्च तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इस दौरान कई इलाकों में बादल छाए रहने, बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।