उत्तराखंड में जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, टिहरी और रुद्रप्रयाग कोर्ट की सघन तलाशी

उत्तराखंड में एक बार फिर जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। उत्तरकाशी और नैनीताल के बाद अब टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालयों की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम होने की सूचना मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) की टीमें सक्रिय हो गईं और एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

नई टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय में बम होने की खबर से न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनज़र कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया गया और आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की मदद से न्यायालय परिसर के हर कोने की गहन जांच की गई। प्राथमिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली, हालांकि पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब भी सतर्क हैं।

इसी दौरान उत्तरकाशी में जिला न्यायालय के बाद कलक्ट्रेट परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परिसर को खाली कराया और बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्क्वाड से तलाशी कराई जा रही है। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

नई टिहरी जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा और सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम रखने की धमकी मिली थी। सूचना के बाद पूरे कोर्ट परिसर की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।


उत्तरकाशी जिला न्यायालय में पहले भी मिल चुकी है धमकी

गौरतलब है कि सोमवार को उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर कोर्ट परिसर में बम और आरडीएक्स होने की धमकी दी गई थी। इस सूचना के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां भी मौके पर पहुंचीं। देर शाम तक चली जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, धमकी भरे मेल में कोर्ट परिसर में करीब 12 किलो आरडीएक्स लगाए जाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया और कोर्ट रोड पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। साथ ही अग्निशमन दस्ता भी मौके पर मौजूद रहा।

एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। धमकी भरा मेल कहां से भेजा गया है और इसके पीछे कौन है, इसकी सघन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *