उत्तराखंड: दो दिवसीय दौरे पर देहरादून आएंगे आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, जन गोष्ठी और पूर्व सैनिक सम्मेलन में होंगे शामिल

देहरादून।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत आगामी 22 और 23 फरवरी को दो दिवसीय प्रवास पर देहरादून पहुंचेंगे। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर समाज के अलग-अलग वर्गों से संवाद करेंगे।

संघ से मिली जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी को डॉ. मोहन भागवत देहरादून स्थित संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में आयोजित प्रमुख जन गोष्ठी को संबोधित करेंगे। इस गोष्ठी में देहरादून सहित गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों से सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य संगठनों के प्रमुख प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण और संगठनात्मक विषयों पर विचार साझा किए जाएंगे।

वहीं, 23 फरवरी को सर संघचालक पूर्व सैनिक गोष्ठी में शामिल होकर सेवानिवृत्त सैनिकों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्र सेवा में पूर्व सैनिकों की भूमिका, अनुशासन और समाज में उनके योगदान जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. मोहन भागवत इससे पूर्व वर्ष 2019 में देहरादून प्रवास पर आए थे। लंबे समय बाद उनके उत्तराखंड आगमन को लेकर संघ कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह है। उनके दौरे को देखते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने तैयारियां तेज कर दी हैं और कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *