नए साल 2026 में उत्तराखंड प्रशासन को बड़ी सौगात, आठ अपर सचिव बनेंगे सचिव, नौ आईपीएस अफसरों को पदोन्नति

देहरादून। नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड प्रशासनिक सेवा में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। एक जनवरी से राज्य को आठ नए सचिव मिलेंगे, जबकि नौ आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति दी जाएगी। इसके अलावा भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के अधिकारियों को भी उच्च प्रशासनिक ग्रेड का लाभ मिलेगा।

सोमवार को मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन की अध्यक्षता में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों की अलग-अलग विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक हुई। इन बैठकों में लिए गए फैसलों के अनुसार सभी पदोन्नतियां एक जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी। वहीं, आईएफएस अधिकारियों की डीपीसी बैठक आज प्रस्तावित है।

आठ आईएएस अधिकारियों को सचिव पद पर पदोन्नति

डीपीसी की संस्तुति पर वर्ष 2010 बैच के आठ आईएएस अधिकारियों को सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें डॉ. अहमद इकबाल, ईवा श्रीवास्तव, सोनिका, रंजना राजगुरु, आनंदस्वरूप, देवकृष्ण तिवारी, उमेश नारायण पांडे और राजेंद्र कुमार शामिल हैं। फिलहाल ये सभी अधिकारी अपर सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

आईएएस अधिकारी ईवा श्रीवास्तव वर्तमान में केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं। उन्हें परफॉर्मा पदोन्नति दी गई है।

पांच आईएएस को सेलेक्शन ग्रेड

इसके साथ ही पांच आईएएस अधिकारियों—मयूर दीक्षित, वंदना, विनीत कुमार, रीना जोशी और आनंद श्रीवास्तव—को सेलेक्शन ग्रेड में पदोन्नति दी गई है। इन्हें लेवल-12 से लेवल-13 में उन्नत किया गया है।

नौ आईपीएस अधिकारियों को मिलेगा प्रमोशन

नए साल से नौ आईपीएस अधिकारियों को उच्च पदों पर पदोन्नति दी जाएगी। इनमें आईपीएस अभिनव कुमार को एडीजी से डीजी, निवेदिता कुकरेती को डीआईजी से आईजी, प्रहलाद मीणा को एसएसपी से डीआईजी, बरिंदरजीत सिंह और पी. रेणुका देवी को डीआईजी से आईजी, प्रीति प्रियदर्शिनी को एसएसपी से डीआईजी, यशवंत चौहान को एसएसपी से डीआईजी तथा तृप्ति भट्ट और रामचंद्र राजगुरु को एसपी से एसएसपी पद पर पदोन्नति दी गई है।

बरिंदरजीत सिंह और पी. रेणुका देवी वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर हैं, जिन्हें परफॉर्मा पदोन्नति दी गई है। वहीं, आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी को सेलेक्शन ग्रेड प्रदान किया गया है। इससे पहले निशा यादव और जितेंद्र चौहान को एसपी रैंक मिल चुकी है।

आईएफएस अधिकारियों को भी मिलेगा प्रशासनिक ग्रेड

आईएफएस कैडर में भी पदोन्नति की प्रक्रिया जारी है। पांच आईएफएस अधिकारियों को कनिष्ठ प्रशासनिक ग्रेड और तीन आईएफएस अधिकारियों को सीनियर ग्रेड प्रदान किया जाएगा। चार आईएफएस अधिकारियों की डीपीसी बैठक आज होने की संभावना है।

राज्य सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के साथ-साथ अधिकारियों के मनोबल में वृद्धि करने वाला कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *