Uttarakhand: गैस संकट का असर बाजार पर, महंगी हुई चाय-नाश्ता, छोटे दुकानदारों ने बढ़ाए दाम

देहरादून। प्रदेश में एलपीजी गैस सिलिंडरों की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में आ रही कमी का असर अब बाजार और आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। गैस संकट के चलते चाय-नाश्ते की छोटी दुकानों और ठेला संचालकों की लागत बढ़ गई है, जिसके कारण उन्हें अपने खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं। वहीं कई छोटे दुकानदार गैस के विकल्प के रूप में लकड़ी और कोयले का इस्तेमाल करने लगे हैं।

बाजार में गैस सिलिंडर की किल्लत के कारण छोटे कारोबारियों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। गैस की पर्याप्त आपूर्ति न होने से दुकानदारों को चाय, समोसे, बिरियानी और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ रही है। इसका असर सीधे तौर पर ग्राहकों की जेब पर भी पड़ रहा है।

स्थानीय चाय विक्रेता आशीष ने बताया कि पहले उनकी दुकान पर मिलने वाली चाय 10 रुपये में मिलती थी, लेकिन गैस की कीमत बढ़ने और सिलिंडर की कमी के कारण अब चाय 15 रुपये में बेची जा रही है। इसी तरह समोसे की कीमत भी 15 रुपये से बढ़ाकर 18 रुपये कर दी गई है।

वहीं बिरियानी बेचने वाले दुकानदार शुभम वर्मा का कहना है कि गैस संकट के कारण उनके व्यवसाय पर भी असर पड़ा है। पहले 30 रुपये में मिलने वाली हाफ प्लेट बिरियानी अब 40 रुपये में और 50 रुपये की फुल प्लेट बिरियानी अब 60 रुपये में बेची जा रही है।

लकड़ी और कोयले से बन रहा खाना

गैस की कमी से परेशान कई छोटे दुकानदार अब पारंपरिक ईंधन का सहारा ले रहे हैं। छोले-भटूरे विक्रेता रामब्रिज ने बताया कि उन्होंने गैस सिलिंडर का इस्तेमाल काफी कम कर दिया है। अब वे घर पर लकड़ी और कोयले पर खाना बनाते हैं और फिर उसे दुकान पर लाकर गर्म करके ग्राहकों को परोसते हैं।

दुकानदारों का कहना है कि बड़े होटल और कैफे तो गैस सिलिंडर का स्टॉक कर लेते हैं, लेकिन छोटे ठेले और टपरी संचालकों के पास यह सुविधा नहीं होती। ऐसे में गैस की कमी और बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है।

लगातार बढ़ती लागत और गैस संकट के कारण कई छोटे दुकानदारों के सामने कारोबार चलाना मुश्किल हो गया है। कुछ ठेले और छोटी दुकानों को तो अस्थायी रूप से बंद करने की नौबत भी आ गई है, जिससे छोटे व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *