उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह एक बार फिर भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। बागेश्वर जिला और आसपास के इलाकों में सुबह के समय धरती हिलती महसूस की गई। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 मापी गई, जिससे कुछ देर के लिए जनजीवन प्रभावित हुआ।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, भूकंप सुबह 07:48:37 बजे आया। इसका केंद्र कपकोट क्षेत्र में जमीन के भीतर लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। सुबह-सुबह आए झटकों के चलते कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।
भूकंप के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग सतर्क हो गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण जिले के किसी भी क्षेत्र से जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। सभी तहसीलों और ग्रामीण इलाकों से स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, अफवाहों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से संपर्क करें। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड भूकंपीय रूप से संवेदनशील क्षेत्र में आता है, जहां समय-समय पर हल्के भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।