Uttarakhand: बागेश्वर में महसूस हुए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई तीव्रता

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रविवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार सुबह 11 बजकर 47 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र कपकोट तहसील के कर्मी गांव के पास जमीन के भीतर करीब 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित बताया गया है।

भूकंप के झटके हल्के होने के कारण जिले में जनजीवन पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ा। अधिकांश लोगों को इन झटकों का अहसास तक नहीं हुआ और कहीं भी अफरा-तफरी की स्थिति देखने को नहीं मिली।

जिला मुख्यालय के साथ ही गरुड़, कपकोट और कांडा क्षेत्रों में हालात पूरी तरह सामान्य बने रहे। भूकंप की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हो गया और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी जुटाई गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों और तहसील मुख्यालयों से संपर्क किया गया है। भूकंप के झटके बेहद हल्के थे, जिसके चलते कहीं से भी जान-माल के नुकसान या भवनों में दरार आने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन फिलहाल जिले में सब कुछ सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *