देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami आज बृहस्पतिवार को नई दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार और नए मंत्रियों को विभागों के बंटवारे के बाद मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कई केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे। हालांकि अभी केंद्रीय मंत्रियों के साथ उनकी औपचारिक बैठकों का विस्तृत कार्यक्रम तय नहीं हुआ है, लेकिन राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री धामी की मुलाकात प्रधानमंत्री Narendra Modi से भी हो सकती है। प्रधानमंत्री का अप्रैल महीने में उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित बताया जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री प्रस्तावित दौरे की तैयारियों और कार्यक्रम को लेकर प्रधानमंत्री से चर्चा कर सकते हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी राज्य सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर प्रदेश के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त कर सकते हैं।
राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य से जुड़े विकास कार्यों, केंद्र सरकार की योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों को लेकर समन्वय स्थापित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।