चमोली। जनपद चमोली में इस माह होने वाले विधानसभा सत्र, औली विंटर कार्निवाल और महाशिवरात्रि पर्व जैसे बड़े आयोजनों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इन सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक ने जिलास्तरीय अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने महाशिवरात्रि पर्व के दौरान जनपद के प्रमुख शिवालयों और मंदिर परिसरों में लगने वाले मेलों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, निगरानी और यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
औली में प्रस्तावित विंटर कार्निवाल को लेकर सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि औली क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग के लिए समुचित इंतजाम किए जाएं, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही औली रोड पर जगह-जगह जमी बर्फ के कारण यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय बनाकर समय रहते सड़कों को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में इसी माह भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में प्रस्तावित विधानसभा बजट सत्र की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बजट सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल के आवासीय और संचार इंतजामों के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए, ताकि सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
इसके अलावा थाना प्रभारियों को विभागीय प्रारंभिक जांचों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने बैंक और वाहन चेकिंग अभियान को नियमित रूप से चलाने, सभी आयोजनों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनपद में यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।