उत्तराखंड मंत्रिमंडल में विभागों का फेरबदल, धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग वापस; कई मंत्रियों की जिम्मेदारियां बदलीं

देहरादून। उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। इस फेरबदल में जहां पांच नए मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं चार पुराने मंत्रियों के कुछ विभागों में बदलाव किया गया है। सबसे अहम बदलाव कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग हटाने को लेकर हुआ है, जो उनके पास करीब नौ वर्षों से था।

सरकार की ओर से जारी नई विभागीय सूची के अनुसार मंत्री सतपाल महाराज से पंचायतीराज और जलागम विभाग वापस ले लिए गए हैं। इसी तरह मंत्री सुबोध उनियाल से तकनीकी शिक्षा और भाषा विभाग तथा मंत्री गणेश जोशी से ग्राम्य विकास विभाग हटा दिया गया है।

हालांकि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और सौरभ बहुगुणा के विभागों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वे पहले की तरह ही अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।

नौ साल बाद स्वास्थ्य विभाग से हटे धन सिंह रावत

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के पास वर्ष 2017 में त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद से शिक्षा के साथ स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी भी थी। लगभग नौ साल तक इस विभाग को संभालने के बाद अब मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान उनसे स्वास्थ्य महकमा वापस ले लिया गया है।

अब उनके पास विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा और सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों का किया उल्लेख

इन दिनों डॉ. धन सिंह रावत पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। अस्पतालों के बुनियादी ढांचे का विस्तार किया गया और बड़ी संख्या में डॉक्टरों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्तियां कराई गईं।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में 10 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की गईं। साथ ही राज्य के दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए भी लगातार प्रयास किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *