Uttarakhand Cabinet Expansion: आज होगा धामी मंत्रिमंडल का विस्तार, पांच नए मंत्री लेंगे शपथ

नवरात्र के शुभ मुहूर्त में धामी कैबिनेट का विस्तार, लोकभवन में होगा शपथ ग्रहण

देहरादून। उत्तराखंड में लंबे समय से चर्चा में चल रहा मंत्रिमंडल विस्तार आखिरकार आज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार में आज नवरात्र के दूसरे दिन शुक्रवार को पांच नए मंत्रियों की ताजपोशी होगी। देहरादून स्थित लोकभवन में सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

प्रदेश में काफी समय से कैबिनेट विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल बनी हुई थी। पार्टी संगठन और सरकार के बीच लंबे समय से चल रहे मंथन के बाद आखिरकार मंत्रिमंडल विस्तार को अंतिम रूप दिया गया है। नवरात्र के पावन अवसर को देखते हुए इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए आज का दिन तय किया गया है।

कामकाज के आधार पर चुने गए नए चेहरे

सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नए चेहरों का चयन विधायकों के पिछले चार वर्षों के कार्यों और उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। इसके साथ ही सरकार ने नए मंत्रियों के चयन में क्षेत्रीय संतुलन और जातीय समीकरणों को भी ध्यान में रखा है, ताकि राज्य के सभी क्षेत्रों और वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।

मंत्रिमंडल में पांच पद थे रिक्त

धामी सरकार में पहले से तीन मंत्री पद खाली चल रहे थे। इसके बाद दो और पद खाली हो गए। एक पद मंत्री चंदन रामदास के निधन के बाद रिक्त हुआ, जबकि दूसरा पद प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के कारण खाली हो गया था। इस तरह वर्तमान में मंत्रिमंडल में कुल पांच पद खाली थे, जिन्हें अब भरा जाएगा।

जल्द बांटे जाएंगे निगमों और बोर्डों के दायित्व

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सरकार निगमों, बोर्डों और आयोगों में भी दायित्वधारियों की नियुक्ति करने की तैयारी में है। फिलहाल इन संस्थाओं में कई पद खाली हैं। सूत्रों के अनुसार जल्द ही करीब दो दर्जन पदों पर पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जा सकती है।

कैबिनेट विस्तार के साथ ही उत्तराखंड की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है और इससे सरकार के कामकाज को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *