उत्तराखंड बजट सत्र: गैरसैंण में कल से शुरू होगा विधानसभा सत्र, 600 से अधिक सवालों पर सरकार को देना होगा जवाब

गैरसैंण/देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में शुरू होगा। सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार सदन में पक्ष और विपक्ष के विधायकों के 600 से अधिक सवालों पर चर्चा होने की संभावना है, जिससे सदन का माहौल गर्म रहने के आसार हैं।

बजट सत्र में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण समेत मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और विभिन्न विभागों के अधिकारी रविवार को गैरसैंण पहुंच गए। दोपहर बाद सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन पहुंचे, जहां सत्र को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

राज्यपाल के अभिभाषण से होगी सत्र की शुरुआत

बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ेगी और सरकार की नीतियों व योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। सत्र के दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक और अध्यादेश भी सदन में पेश कर सकती है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन पटल पर रखी जाएगी।

कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में तय होगा एजेंडा

सत्र शुरू होने से पहले भराड़ीसैंण में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में विधानसभा सत्र के संचालन और कार्यसूची को अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चल सके।

10 मार्च को पेश हो सकता है बजट

सूत्रों के अनुसार, प्रदेश सरकार 10 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में पेश कर सकती है। इस बजट में राज्य के विकास, पर्यटन, बुनियादी ढांचे, शिक्षा और रोजगार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल किए जाने की संभावना है।

बजट सत्र को देखते हुए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, ताकि सत्र के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *