देहरादून।
उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात मोबाइल नंबर से लगातार फोन कर उन्हें गाली-गलौज और अपशब्दों के साथ जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इस गंभीर प्रकरण को लेकर महेंद्र भट्ट ने देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को पत्र लिखकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महेंद्र भट्ट ने एसएसपी को भेजे पत्र में बताया कि रविवार को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उनके निजी मोबाइल नंबर पर लगातार कॉल आ रही थीं। फोन करने वाला व्यक्ति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था। कई बार समझाने के बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
प्रदेश अध्यक्ष ने आशंका जताई कि यह पूरी घटना किसी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की धमकियों से न केवल उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि उनके जीवन को भी गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि किसी राजनीतिक प्रतिद्वंदी द्वारा उक्त व्यक्ति को उकसाकर फोन करवाया जा रहा है।
महेंद्र भट्ट ने आरोपी का मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराते हुए शीघ्र पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
धमकी बर्दाश्त नहीं करेगी भाजपा: मनवीर सिंह चौहान
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग और जान से मारने की धमकी देना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में इस तरह के व्यवहार को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
चौहान ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं के विपरीत ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं। पार्टी को पूरा विश्वास है कि पुलिस प्रशासन आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा और कानून के तहत उसे कड़ी सजा दिलाई जाएगी।