उत्तराखंड भाजपा को मिली मजबूती, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने थामी पार्टी की सदस्यता

देहरादून। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी को उस समय नई ताकत मिली, जब बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने पार्टी मुख्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर पूर्व सैनिकों ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, मजबूत नेतृत्व और राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों से प्रभावित हैं। सैनिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को लेकर केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रयासों ने उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल ने नवागंतुक सदस्यों को पार्टी की रीति-नीति, संगठनात्मक ढांचे और विचारधारा से अवगत कराया। इसके बाद सभी पूर्व सैनिकों को पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक सदस्यता दिलाई गई। नेताओं ने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा को अपनाने वाली पार्टी है, जो ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं अंतिम’ के सिद्धांत पर कार्य करती है।

प्रदेश नेतृत्व ने विश्वास जताया कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का अनुभव संगठन को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सैनिकों की भागीदारी अहम भूमिका निभाएगी।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में ऑनरेरी कैप्टन अजय रावत, कैप्टन बचन सिंह रावत, कैप्टन चंदन सिंह, कैप्टन मदन सिंह गोसाई, सूबेदार दिलीप सिंह राणा, हवलदार श्याम पंवार, मदन सिंह गुसाईं, महिपाल सिंह, रंजन चतुर्वेदी, जगत सिंह पुंडीर, विक्रम सिंह, विनोद अवस्थी और भगत सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में अन्य पूर्व सैनिक शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में पार्टी पदाधिकारियों ने सभी का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *