टिहरी झील महोत्सव का शुभारंभ, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया उद्घाटन; पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

टिहरी जिले में चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया है। कोटी कॉलोनी में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। 6 से 9 मार्च तक आयोजित होने वाला यह लेक फेस्टिवल टिहरी झील क्षेत्र में पर्यटन को नई ऊंचाई देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा।

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील उत्तराखंड की महत्वपूर्ण पर्यटन धरोहरों में से एक है। इस प्रकार के आयोजनों से राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय संस्कृति को भी पहचान मिलेगी।

टिहरी झील महोत्सव को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए विभिन्न प्रकार की साहसिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

महोत्सव के दौरान ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, मास्टर शेफ प्रतियोगिता, फैशन शो और फोटोग्राफी प्रतियोगिता के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को मंच दिया जाएगा।

प्रतियोगिताओं में जीत सकते हैं एक लाख रुपये तक का पुरस्कार

महोत्सव के दौरान मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग और रैप सिंगिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इन प्रतियोगिताओं में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं द्वितीय स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इसके अलावा 10 प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

प्रशासन का मानना है कि इस महोत्सव से टिहरी झील क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *