ऋषिकेश।
रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के नव नियुक्त अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सलीम अहमद ने स्पष्ट किया है कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना को हर हाल में दिसंबर 2028 से पूर्व पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है और इसे तय समयसीमा में पूरा करना आरवीएनएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दो दिवसीय दौरे पर ऋषिकेश पहुंचे आरवीएनएल अध्यक्ष ने पहले दिन निगम परिसर में परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान परियोजना की वर्तमान प्रगति, निर्माण कार्यों की गति, सुरंगों के निर्माण में आ रही तकनीकी चुनौतियों और समयबद्ध क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
सलीम अहमद ने कहा कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील हिमालयी राज्य में विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरंग निर्माण और अन्य कार्यों में आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए पर्यावरणीय मानकों का सख्ती से पालन किया जाए।
बैठक में यह प्रस्ताव भी रखा गया कि रेलवे सुरंगों के साथ-साथ रोड सुरंगों के निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार किया जाए, ताकि सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों और वाहनों को भी सुरक्षित, तेज और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
आरवीएनएल अध्यक्ष ने कहा कि परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर समन्वय, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्ध कार्यप्रणाली के जरिए ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना निर्धारित समय के भीतर पूर्ण कर ली जाएगी।