रुद्रप्रयाग
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले की प्रतिभाशाली क्रिकेटर सभ्या नेगी का उत्तराखंड महिला अंडर-23 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊं की धुन और फूलमालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
अगस्त्यमुनि ब्लॉक की बच्छणस्यूं पट्टी के मर्गांव (पणधारा) की रहने वाली 24 वर्षीय सभ्या नेगी दरबान सिंह नेगी की पुत्री हैं। छोटे से गांव से निकलकर क्रिकेट के क्षेत्र में पहचान बनाने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से अभ्यास किया। इसी मेहनत का परिणाम है कि आज उनका चयन उत्तराखंड महिला अंडर-23 क्रिकेट टीम में हुआ है।
बतौर ऑलराउंडर सभ्या नेगी ने इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। उत्तराखंड महिला प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में उन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनके इस प्रदर्शन के बाद से ही खेल प्रेमियों और चयनकर्ताओं की नजर उन पर बनी हुई थी।
सभ्या की इस उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने उनके स्वागत में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनकी सफलता पर खुशी जताई।
ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह बिष्ट ने कहा कि सभ्या नेगी ने अपनी मेहनत से क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने सभ्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।