रुद्रप्रयाग।
जनपद रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पठाली में मंगलवार को दिनदहाड़े भालू के हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में ग्राम प्रधान की पत्नी रामेश्वरी देवी (55) घायल हो गईं, हालांकि उन्होंने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान पठाली मनबर सिंह नेगी की पत्नी रामेश्वरी देवी सुबह करीब साढ़े दस बजे अपने आवासीय मकान से लगभग 500 मीटर दूर एरेठी सुबदा नामक तोक में घास लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक जंगल की ओर से आए भालू ने उन पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से घबराने के बजाय रामेश्वरी देवी ने हाथ में मौजूद दरांती से भालू का सामना यादृच्छिक रूप से किया और आत्मरक्षा में प्रहार किया। संघर्ष के दौरान वह खेत से नीचे की ओर लुढ़क गईं और शोर मचाते हुए वहां से भागीं। उनकी आवाज सुनकर उनके पति मनबर सिंह नेगी भी घर से घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक रामेश्वरी देवी आधे रास्ते तक सुरक्षित पहुंच चुकी थीं। कुछ ही देर में भालू मौके से जंगल की ओर भाग गया।
हमले में रामेश्वरी देवी के दाहिने हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी हल्की चोटें बताई जा रही हैं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।