Rudraprayag: नाबालिग छात्रा ने दिया बच्ची को जन्म, दुष्कर्म की आशंका; नवजात दत्तक ग्रहण एजेंसी को सौंपा

रुद्रप्रयाग: नाबालिग छात्रा ने दिया बच्ची को जन्म, दुष्कर्म की आशंका; नवजात दत्तक ग्रहण एजेंसी को सौंपा

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक नाबालिग छात्रा द्वारा बच्ची को जन्म देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नवजात शिशु को बाल कल्याण समिति के निर्देश पर विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण (स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी) को सौंप दिया गया है। वहीं, मामले में दुष्कर्म की आशंका जताते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, नौवीं कक्षा में अध्ययनरत छात्रा को पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने छात्रा को विस्तृत परीक्षण के लिए बेस चिकित्सालय श्रीनगर रेफर किया।

बेस चिकित्सालय में किए गए अल्ट्रासाउंड परीक्षण के दौरान छात्रा के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। चिकित्सकीय देखरेख में बाद में छात्रा ने एक बच्ची को जन्म दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तत्काल बाल कल्याण समिति को सूचना दी।

बताया गया कि बच्ची के संरक्षक ने नवजात को अपनाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद समिति के निर्देशानुसार नवजात शिशु को रुद्रप्रयाग स्थित स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया।

विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण के प्रबंधक पुनीत चौकियाल ने बताया कि फिलहाल शिशु की देखभाल एजेंसी द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि लगभग दो माह बाद केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के पोर्टल के माध्यम से विधिक दत्तक ग्रहण प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।

वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक रंजना गैरोला ने बताया कि मामले में दुष्कर्म की आशंका है और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं, जबकि नाबालिग छात्रा को आवश्यक चिकित्सकीय और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *