रुद्रप्रयाग: जिले के सुमाड़ी क्षेत्र में महिला और उसके नौ वर्षीय बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि 6 मार्च को शाम करीब 7:33 बजे जखोली चौकी प्रभारी को सुमाड़ी निवासी योगेन्द्र सिंह ने फोन कर एक मकान में शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए।
जांच में पता चला कि नेपाल निवासी दीपक बहादुर पिछले करीब एक महीने से अपनी पत्नी और नौ वर्षीय बेटे के साथ सुमाड़ी में किराये के मकान में रह रहा था। इस दौरान मकान के आसपास से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। जब मकान मालिक और अन्य लोग कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। कमरे के भीतर कंबल के नीचे महिला और उसके बेटे के शव पड़े मिले, जबकि दीपक बहादुर मौके से फरार था।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कीं। तकनीकी जांच और सर्विलांस के आधार पर पुलिस को आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने 8 मार्च की शाम दिल्ली में दबिश देकर आरोपी दीपक बहादुर उर्फ दिल बहादुर निवासी जिला दैलेख (नेपाल) को गिरफ्तार कर लिया।
फेसबुक के जरिए हुई थी पहचान
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दीपक बहादुर पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी व तीन बच्चे नेपाल में रहते हैं। वहीं मृतका कमला शाही भी विवाहित थी और उसके दो बच्चे हैं। वर्ष 2025 में दोनों की पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे। पहले वे उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र में रहते थे और करीब एक माह पहले ही रुद्रप्रयाग के सुमाड़ी क्षेत्र में आकर रहने लगे थे।
अक्सर होता था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार दीपक बहादुर और कमला शाही के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। होली की शाम भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जो हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर पहले कमला शाही और फिर उसके बेटे रोशन का गला दबाकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को कंबल से ढक दिया और मौके से फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।