RSS की पहल पर टिहरी और कर्णप्रयाग में विराट हिंदू सम्मेलन, कलश यात्रा के साथ दिया एकता का संदेश

उत्तराखंड।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से प्रदेश के टिहरी और कर्णप्रयाग में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य हिंदू समाज में व्याप्त आपसी भेदभाव को समाप्त कर सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करना रहा।

टिहरी जनपद के नई टिहरी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मेलन से पूर्व नगर क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा का नेतृत्व महा मंडलेश्वर स्वामी स्वरुपानंद यति महाराज ने किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा में भाग लिया और विद्या मंदिर प्रांगण में पहुंचकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

वहीं, कर्णप्रयाग नगर में रविवार को मुख्य बाजार क्षेत्र में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें नगर के विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान सनातन संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक समरसता पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम को उमा माहेश्वर आश्रम के महंत ऐश्वर्यनाथ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघ चालक राजेंद्र सिंह भंडारी और सेवानिवृत्त शिक्षिका निमिलता नेगी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने हिंदू समाज को एकजुट होकर सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नगर में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। सम्मेलन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *