रुड़की। शहर के रामनगर बाजार क्षेत्र में पत्नी से छेड़खानी का विरोध करने पर तीन युवकों ने एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे लात-घूसों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। घायल को उपचार के दौरान कई टांके लगाने पड़े। घटना के दौरान हुई मारपीट और अफरा-तफरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार कृष्णानगर निवासी तुषार अरोड़ा पुहाना चौक पर ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं। शनिवार शाम वह अपनी पत्नी मोनिका अरोड़ा और बेटे के साथ रामनगर बाजार घूमने आए थे। इस दौरान वे लेबर चौक के पास फास्ट फूड खाने के लिए रुक गए।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और मोनिका अरोड़ा पर फब्तियां कसने लगे। विरोध करने पर युवकों ने छेड़खानी शुरू कर दी। मोनिका ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद तुषार अरोड़ा ने युवकों को ऐसा करने से मना किया और कड़ा विरोध जताया।
विरोध से नाराज युवकों ने तुषार पर हमला बोल दिया और लात-घूसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। हमले में तुषार के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर उन्हें हमलावरों से छुड़ाया।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपी उसकी जेब में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये भी छीनकर फरार हो गए।
कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।