रुड़की: मंदिर परिसर में सो रहे सेवादार की हत्या, सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

रुड़की (हरिद्वार)। जिले के भोगपुर गांव के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर में एक सेवादार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने रात के समय मंदिर परिसर में सो रहे सेवादार के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी। रविवार सुबह खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर के गोधना निवासी 65 वर्षीय राजवीर पिछले करीब दो महीनों से मंदिर में सेवादार के रूप में सेवा दे रहे थे। वह प्रतिदिन की तरह शनिवार रात को भी मंदिर परिसर में ही सोए हुए थे।

रविवार सुबह एक ग्रामीण जब मंदिर पहुंचा तो उसने राजवीर का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी, कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी और भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि बदमाश चोरी के इरादे से मंदिर में घुसे थे। इस दौरान सेवादार के जागने पर आरोपियों ने उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *