ऋषिकेश में उड़ीसा जेल से फरार एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार, संयुक्त पुलिस टीम ने दबोचा

ऋषिकेश: उड़ीसा के कटक जिला कारागार से जेल तोड़कर फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को ऋषिकेश में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। देहरादून, टिहरी और उड़ीसा पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्विलांस की मदद से आरोपी को इंद्रमणि बडोनी चौक के पास धर दबोचा। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा साहनी (34) निवासी बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है। वह 2 अक्टूबर 2025 को कटक स्थित जिला कारागार से न्यायिक अभिरक्षा के दौरान फरार हो गया था। आरोपी डकैती और दो हत्याओं के गंभीर मामलों में जेल में बंद था। उसके फरार होने के बाद उड़ीसा पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उड़ीसा पुलिस की टीम ने ऋषिकेश पुलिस को सूचना दी कि आरोपी की लोकेशन त्रिवेणी घाट क्षेत्र में ट्रेस हुई है। सूचना मिलते ही ऋषिकेश कोतवाली पुलिस और उड़ीसा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सर्विलांस के माध्यम से आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

करीब ढाई बजे ढालवाला रोड स्थित सुमन पार्क के पास एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में एक महिला समेत चार लोग सवार थे। पीछे की सीट पर बैठे व्यक्ति को उड़ीसा पुलिस ने फरार आरोपी राजा साहनी के रूप में पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि कार में सवार अन्य तीन लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे उड़ीसा पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।

दशहरा के दौरान जेल से फरार हुए थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक राजा साहनी और उसका एक साथी पाणीकोइली स्थित पंडा ज्वेलरी शॉप में डकैती और फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किए गए थे। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।

2 अक्टूबर 2025 को जब जेल कर्मचारी और अन्य कैदी दशहरा का पर्व मना रहे थे, उसी दौरान दोनों आरोपियों ने जेल से फरार होने की साजिश रची। उन्होंने कैदियों की कोठरियों की लोहे की छड़ें काट दीं और जेल की दीवार पर चढ़ने के लिए कंबल को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया। इसके बाद दोनों दीवार फांदकर फरार हो गए थे।

फरारी के बाद से ही उड़ीसा पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में लगी हुई थी। आखिरकार संयुक्त पुलिस टीम ने ऋषिकेश में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *