ऋषिकेश में आईजी अनंत शंकर की सरकारी कार दुर्घटनाग्रस्त, सामने से आ रही कार की टक्कर, चालक को आई नींद की झपकी

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में सोमवार शाम एक सड़क हादसे से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) अनंत शंकर ताकवाले की सरकारी कार नटराज चौक से करीब एक किलोमीटर आगे सात मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने आईजी के वाहन को टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, नरेंद्र नगर में पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षुओं का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आईजी अनंत शंकर ताकवाले देहरादून लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े चार बजे जैसे ही उनका वाहन सात मोड़ के पास पहुंचा, देहरादून की ओर से आ रही एक अन्य कार अनियंत्रित होकर उनकी सरकारी गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

चालक ने मानी गलती
हादसे के बाद दूसरी कार के चालक ने पुलिस के सामने अपनी गलती स्वीकार की। उसने बताया कि वाहन चलाते समय उसे अचानक नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वह कार पर नियंत्रण खो बैठा और आईजी की गाड़ी से टकरा गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, यातायात हुआ सामान्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ देर के लिए सड़क पर भीड़ और हलचल रही, लेकिन पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया।

इस संबंध में नीरज सेमवाल ने बताया कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आईजी की क्षतिग्रस्त सरकारी कार को रानीपोखरी थाने भेज दिया गया है, जबकि दूसरी कार को कोतवाली ऋषिकेश में खड़ा कराया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *