ऋषिकेश में दरवाजा खटखटाकर हत्या: तलाकशुदा महिला को जालीदार दरवाजे से मारी गोली, मौके पर मौत

ऋषिकेश क्राइम न्यूज़ | शिवाजी नगर में सनसनीखेज वारदात

ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में शनिवार रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। बाइक से आए एक युवक ने दरवाजा खटखटाकर घर में अकेली रह रही तलाकशुदा महिला को गोली मार दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महिला उस समय घर पर अकेली थी। तभी एक युवक बाइक से गली में पहुंचा और कमरे का दरवाजा खटखटाया। महिला ने केवल अंदर वाला लकड़ी का दरवाजा खोला, जबकि बाहर लगा जालीदार दरवाजा बंद ही रहा। इसी दौरान आरोपी युवक ने जालीदार दरवाजे से पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली सीधे महिला के सीने में लगी और वह वहीं गिर पड़ी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जालीदार दरवाजा बंद होने के कारण पुलिस को उसे तोड़कर घर के अंदर जाना पड़ा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मृतका की पहचान प्रीति रावत (32 वर्ष) निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक साल से शिवाजी नगर में किराये पर रह रही थी और एक आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स में कार्यरत थी। बताया गया कि महिला का आठ साल का बेटा है, जो अपने नाना के साथ रहता है।

पुलिस ने यह भी बताया कि मकान मालिक द्वारा किरायेदार का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। इस मामले में मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसपी जया बलूनी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वारदात किन कारणों से हुई और आरोपी कौन है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।


पटाखे जैसी आवाज से मची अफरा-तफरी

घटना के समय पास में रह रहे पड़ोसी राधेश्याम ने बताया कि अचानक पटाखे जैसी तेज आवाज सुनकर वह चौंक गए। जब उन्होंने चहारदीवारी से झांककर देखा तो महिला खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी।

इस सनसनीखेज हत्या के बाद शिवाजी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *