देहरादून।
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि एक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रभावी योजनाएं लागू की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए हर क्षेत्र में तेज़ी से कार्य कर रही है। बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश को नई दिशा मिल रही है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी फहराया गया ध्वज
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के साथ बलवीर रोड स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, प्रेमचंद अग्रवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस मौके पर सभी ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया गया।