पिथौरागढ़ हादसा: बंगापानी के पास खाई में गिरी इनोवा, सेना के जवान सहित तीन युवकों की मौत, एक गंभीर

मुनस्यारी जा रही कार एन बैंड के पास अनियंत्रित होकर गिरी खाई में

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बंगापानी–मदकोट मार्ग पर एन बैंड के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में सेना के एक जवान समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को कुछ युवक इनोवा कार से मदकोट के रास्ते मुनस्यारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बंगापानी से लगभग एक किलोमीटर पहले एन बैंड के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खाई में गिरी कार से युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान लक्ष्मण सिंह नेगी, पुत्र राम सिंह नेगी, मूल निवासी धूरातोली मुनस्यारी और हाल निवासी जीआईसी पिथौरागढ़ तथा अंकित पांडे (27) पुत्र बसंत पांडे निवासी दौला, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।

वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल आयुष पंत, पुत्र नरेंद्र पंत और देवेश पंत, दोनों निवासी पिथौरागढ़ को पहले स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहनों से निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के लिए भेजा गया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय अस्कोट के पास आयुष पंत ने भी दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि मृतकों में शामिल लक्ष्मण सिंह नेगी भारतीय सेना की एएमसी (Army Medical Corps) में तैनात थे। जवान की मौत की खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

फिलहाल घायल देवेश पंत का उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *