पिथौरागढ़: पारिवारिक विवाद बना खूनी संघर्ष, चाची-चचेरे भाइयों और सगे भाई ने मिलकर युवक की हत्या

पिथौरागढ़

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में पारिवारिक विवाद ने एक खौफनाक रूप ले लिया। यहां एक युवक की उसके ही परिजनों ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि चाची, दो चचेरे भाइयों और मृतक के सगे भाई ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जंगल में फेंककर मामले को छिपाने की कोशिश की।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल से शव बरामद कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

चाची से विवाद के बाद बढ़ा मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 22 मार्च की है। वनराजी समुदाय के गांव भक्तिरवा किमखोला निवासी कुंदन सिंह (35) पुत्र स्वर्गीय बहादुर सिंह रजवार का किसी बात को लेकर अपनी चाची बसंती देवी (39) से विवाद हो गया था।

विवाद के दौरान बसंती देवी के बेटे जनक सिंह (25) और रमेश सिंह (21) भी वहां पहुंच गए। इसी बीच कुंदन सिंह का सगा भाई प्रदीप सिंह (30) भी मौके पर आ गया। बात इतनी बढ़ गई कि चारों ने मिलकर कुंदन सिंह पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद जंगल में फेंका शव

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने की कोशिश की। अगले दिन 23 मार्च की सुबह चारों ने मिलकर शव को पास के जंगल में ले जाकर फेंक दिया।

इधर जब कुंदन सिंह घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी रेखा देवी को शक हुआ। उन्होंने जौलजीबी थाने में मामले की तहरीर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जंगल में तलाश अभियान चलाया। कुछ ही समय बाद पुलिस ने जंगल से कुंदन सिंह का शव बरामद कर लिया।

चारों आरोपी गिरफ्तार

थाना प्रभारी जौलजीबी प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच के बाद चाची बसंती देवी, उसके दोनों बेटे जनक सिंह और रमेश सिंह तथा मृतक के सगे भाई प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सीओ केएस रावत ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में कराया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी और शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *