देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में जनप्रतिनिधियों और संस्कृति स्कूल के बच्चों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड को सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ जन-जन को प्रेरित करने वाला ऐसा मंच है, जो समाज में सकारात्मक सोच, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करता है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन का उल्लेख करते हुए तकनीक के जिम्मेदार और मानव हितैषी उपयोग पर जोर दिया। साथ ही, अंगदान से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने डिजिटल अरेस्ट जैसी नई साइबर धोखाधड़ी के मामलों को लेकर भी नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में इस तरह की सावधानियां हर नागरिक के लिए आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एआई, स्वास्थ्य, अंगदान और डिजिटल सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी से ही एक सुरक्षित, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।