नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों, गंगा की स्वच्छता एवं संरक्षण तथा नमामि गंगे से जुड़ी परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कुंभ मेले को सफल, सुव्यवस्थित और पर्यावरणीय दृष्टि से सतत बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत प्रस्तावित 408.82 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक चलने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 253 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी देने, जल जीवन मिशन के अंतर्गत राज्य को अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने तथा इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल नहर और जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सिंचाई के लिए लगभग 665 क्यूसेक अतिरिक्त जल उपलब्ध होगा, जिससे हरिद्वार जनपद के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
इन योजनाओं से करीब 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है। साथ ही, क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान में भी यह परियोजनाएं सहायक सिद्ध होंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। साथ ही गंगा संरक्षण के राष्ट्रीय लक्ष्य को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।