मसूरी में कुलदीप यादव की शादी का जश्न, हल्दी-मेहंदी में दूल्हा-दुल्हन ने लगाए ठुमके; आज लेंगे सात फेरे
मसूरी। पहाड़ों की रानी Mussoorie इन दिनों भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर Kuldeep Yadav की शादी को लेकर चर्चा में है। शुक्रवार को उनकी हल्दी और मेहंदी की रस्में धूमधाम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुईं। शनिवार को कुलदीप यादव अपनी मंगेतर वंशिका के साथ सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधेंगे।
शादी से पहले आयोजित मेहंदी और हल्दी समारोह मसूरी के एक होटल में हुआ, जहां दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी मेहमान मौजूद रहे। समारोह के दौरान ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक संगीत के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला।
रस्मों में दिखा उत्साह, मेहमानों ने किया डांस
मेहंदी और हल्दी की रस्मों के दौरान दूल्हा-दुल्हन ने मेहमानों के साथ जमकर डांस किया। समारोह में भारतीय क्रिकेटर Yuzvendra Chahal, Rinku Singh और Mohit Sharma सहित क्रिकेट जगत से जुड़े कई लोग भी पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की धुन पर मेहमानों और परिवार के सदस्यों ने भी खूब ठुमके लगाए।
पारंपरिक परिधानों में दिखे कुलदीप और वंशिका
मेहंदी समारोह में कुलदीप यादव हल्के गुलाबी रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए, जबकि वंशिका गुलाबी रंग की पारंपरिक साड़ी में बेहद आकर्षक दिखीं। वहीं हल्दी की रस्म के दौरान कुलदीप ने पीले रंग का कुर्ता-पायजामा और वंशिका ने पीले रंग की साड़ी पहनी थी।
निजी रखा गया है शादी समारोह
जानकारी के अनुसार 14 मार्च को कुलदीप यादव और वंशिका पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लेंगे। शादी समारोह को निजी रखा गया है और इसमें परिवार व करीबी मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया है।
शादी के बाद Lucknow में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किए जाने की भी तैयारी है, जिसमें क्रिकेट जगत और अन्य क्षेत्रों की कई हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। मसूरी में हो रही इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर शहर में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।