घंडियाल गांव में घास काट रही महिला पर गुलदार का हमला, अस्पताल में भर्ती
कोटद्वार क्षेत्र में एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटना सामने आई है। पोखड़ा ब्लॉक के घंडियाल गांव में घास काट रही एक महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हाल ही में इसी इलाके में एक महिला की मौत भी इसी तरह के हमले में हुई थी, जिसके बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल बढ़ता जा रहा है।
सोमवार सुबह हुई इस घटना के दौरान प्रभा देवी नाम की महिला अन्य ग्रामीण महिलाओं के साथ जंगल किनारे घास काट रही थीं। तभी झाड़ियों में छिपा गुलदार अचानक उन पर झपटा। हमले के बाद प्रभा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, साथ मौजूद महिलाओं द्वारा शोर मचाए जाने पर गुलदार मौके से भाग गया।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इससे पहले 13 नवंबर को इसी ब्लॉक के बगड़ी गांव में गुलदार ने रानी देवी नामक वृद्धा पर हमला कर उनकी जान ले ली थी। एक के बाद एक हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और नाराजगी दोनों है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए।