कोटद्वार के मोहम्मद दीपक की राहुल गांधी से मुलाकात, दिल्ली आवास पर आत्मीय स्वागत

देहरादून/नई दिल्ली:
उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी मोहम्मद दीपक ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने दीपक का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें गले लगाया। मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग इसे सद्भाव और मानवीय मूल्यों का प्रतीक बता रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद दीपक हाल ही में कोटद्वार के पटेल मार्ग पर एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद चर्चा में आए थे। मामला तब और तूल पकड़ गया, जब राहुल गांधी ने इस विषय को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। इसके बाद से दीपक को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में दीपक ने नई दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, यह मुलाकात आत्मीय और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई, जिसमें सामाजिक सद्भाव और इंसानियत जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

बताया गया कि राहुल गांधी ने दीपक के मानवीय दृष्टिकोण और सामाजिक व्यवहार की सराहना की तथा उन्हें समाज में सकारात्मक योगदान जारी रखने के लिए प्रेरित किया। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह मुलाकात केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सेवा भाव जैसी मूल भावनाओं के प्रति सम्मान का संदेश है।

कांग्रेस का मानना है कि दीपक जैसे व्यक्तित्व समाज में सकारात्मक बदलाव की मिसाल हैं और अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हमेशा ऐसे लोगों के साथ खड़ी है जो भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *