कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। झूला पुल के पास खोह नदी में खनन कर रहे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर लिया गया। प्रशासन ने मौके पर ही वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित मालिकों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है।
उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन को रोकने के लिए प्रशासन लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है। बुधवार सुबह नायब तहसीलदार राजेंद्र सनवाल के नेतृत्व में राजस्व टीम ने झूला पुल के पास खोह नदी में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने नदी में अवैध रूप से खनन करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी।
टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को सीज कर अपने कब्जे में ले लिया। उपजिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन किसी भी सूरत में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं करेगा और भविष्य में भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी।
संदीप कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अवैध खनन में पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में खनन कारोबारियों में खलबली मची हुई है।