काशीपुर। उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक की टक्कर से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बरखेड़ा पांडे निवासी सोमपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन अप्रैल की सुबह उसके माता-पिता जागन सिंह और लीलावती पशुओं के लिए घास लेने के उद्देश्य से पैदल महुआखेड़ागंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हिमालयन फूड पार्क के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों के मुताबिक, हालत गंभीर होने पर महिला को दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान लीलावती ने दम तोड़ दिया। वहीं, जागन सिंह की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
मृतका के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती बरतने और सड़क सुरक्षा के उपाय मजबूत करने की मांग की है।