उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सियासी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को उत्तराखंड पहुंचे। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया।
भाजपा की ओर से आज जौलीग्रांट स्थित एक होटल में कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई है, जिसकी अध्यक्षता जेपी नड्डा करेंगे। बैठक में मुख्य रूप से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत मंथन किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य एक बार फिर सत्ता में वापसी करते हुए जीत की हैट्रिक लगाना है।
सूत्रों के अनुसार, कोर कमेटी की बैठक में चुनावी मुद्दों, प्रचार की दिशा और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर चर्चा होगी। विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी की रणनीति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और जनसंपर्क अभियान को लेकर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
हाल ही में भाजपा द्वारा प्रदेशभर में कराए गए पहले चरण के सर्वे की रिपोर्ट भी बैठक में रखी जाएगी। इसके आधार पर यह समीक्षा की जाएगी कि किन विधानसभा सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत है और किन सीटों पर अतिरिक्त मेहनत की जरूरत है। साथ ही मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन और संगठन की जमीनी स्थिति पर भी चर्चा होगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सभी विधायक और मंत्री अपनी-अपनी सीटों पर ही आगामी चुनाव की तैयारी करेंगे। पार्टी नेतृत्व का साफ संदेश है कि किसी भी विधायक की सीट में बदलाव नहीं किया जाएगा।
कुल मिलाकर, यह कोर कमेटी बैठक भारतीय जनता पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और आगे की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।