जालौन: प्रयागराज माघ मेला गए किसान के घर से 80 लाख रुपये के जेवर चोरी, गांव में दहशत

एट थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव में चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए करीब 80 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात उस समय हुई, जब गृहस्वामी प्रयागराज में माघ मेले में शामिल होने गए हुए थे। घर लौटने पर टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर परिवार के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पीड़ित किसान गजेंद्र सिंह के अनुसार वह 13 जनवरी को प्रयागराज माघ मेला गए थे। उस दौरान घर पूरी तरह बंद था, जबकि पत्नी रजनी देवी और पुत्र हेमेंद्र उरई में रह रहे थे। 20 जनवरी को जब वह गांव लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के सभी कमरों के दरवाजे खुले थे और बरामदे सहित कमरों में सामान फैला हुआ था। अलमारी और तिजोरी के ताले टूटे मिले।

किसान ने बताया कि चोर अलमारी से पत्नी के करीब 30 तोले सोने के जेवर और बहू अनुराधा के लगभग 28 तोले सोने के आभूषण ले गए। इसके अलावा करीब तीन किलो चांदी के जेवर भी चोरी हुए हैं। चोरी गए आभूषणों में सोने की चूड़ियां, हार, जंजीर, अंगूठियां, हाथफूल, सीतारामी, करधनी, चांदी की पायल-बिछिया, सिक्के और अन्य कीमती गहने शामिल हैं। चोरी गए जेवरों की कुल कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि थाना पुलिस की ओर से नियमित गश्त नहीं की जाती, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस इन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है।

इस संबंध में कोंच क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं और जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *