Hemkund Sahib Yatra 2026: हेमकुंड साहिब मार्ग की सेना और ट्रस्ट ने की रेकी, पांच से छह फीट तक जमी बर्फ

चमोली। विश्व प्रसिद्ध सिख तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा शुरू होने से पहले भारतीय सेना के जवानों और गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के सेवादारों ने गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक ट्रेक मार्ग की रेकी की। निरीक्षण के दौरान पता चला कि हेमकुंड साहिब क्षेत्र में अभी भी लगभग पांच से छह फीट तक बर्फ जमी हुई है

बताया गया है कि इस वर्ष हेमकुंड साहिब यात्रा 23 मई से शुरू होगी, जबकि श्रद्धालुओं का पहला जत्था 20 मई को ऋषिकेश से रवाना किया जाएगा। यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन, सेना और ट्रस्ट की ओर से तैयारियां जारी हैं।

रेकी के दौरान टीम ने पाया कि ट्रेक मार्ग के कई हिस्सों में भारी मात्रा में बर्फ मौजूद है। विशेष रूप से अटलाकोटी ग्लेशियर पॉइंट के पास भी काफी बर्फ जमी हुई है, जिससे फिलहाल मार्ग पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया है।

अधिकारियों के अनुसार पिछले करीब दस दिनों में क्षेत्र में ताजा बर्फबारी हुई है। हालांकि यदि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहा और धूप निकली, तो यह बर्फ जल्दी पिघल सकती है, जिससे यात्रा मार्ग को साफ करने का काम आसान हो जाएगा।

यात्रा मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय सेना की टुकड़ी 15 अप्रैल के बाद गोविंदघाट से आगे रवाना होगी। सेना के जवान ट्रेक रूट पर जमी बर्फ को हटाने और रास्ते को सुगम बनाने का कार्य करेंगे, ताकि कपाट खुलने से पहले श्रद्धालुओं के लिए मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *