हरिद्वार: शराब में नींद की गोली देकर पत्नी ने नाबालिग बेटी के साथ मिलकर की पति की हत्या, ऐसे खुला सनसनीखेज मामला

हरिद्वार: श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाहड़पुर में एक ग्रामीण की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए पहले शराब में नींद की गोली मिलाकर उसे बेहोश किया गया और फिर तकिये से मुंह दबाकर उसकी जान ले ली गई।

पुलिस के अनुसार दो अप्रैल को लाहड़पुर निवासी पूजा अपनी नाबालिग बेटी के साथ कोतवाली पहुंची और सूचना दी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कराई। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर गहन जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान मृतक के भाई राजू ने पूजा, उसकी नाबालिग बेटी और बिजनौर के कोहरपुर मंडावर निवासी मोंटी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।

बेटे के बयान से खुला राज

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के बच्चों से पूछताछ की। इस दौरान बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर उसके पिता की तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी थी। इस बयान के बाद पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली।

पुलिस ने मौके से सल्फास का पैकेट, शराब का खाली पाउच, शराब पीने में इस्तेमाल किया गया स्टील का गिलास, दुपट्टे और तकिया बरामद कर लिया है।

अवैध संबंध के चलते बनाई हत्या की योजना

पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका बिजनौर निवासी मोंटी के साथ प्रेम संबंध था, जबकि उसकी नाबालिग बेटी का भी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी होने पर बबलू अक्सर शराब के नशे में पत्नी और बेटी के साथ मारपीट करता था।

लगातार हो रहे विवाद से परेशान होकर मां-बेटी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। एक अप्रैल की रात महिला ने पहले पति को शराब में नींद की दवाई मिलाकर पिला दी। जब वह गहरी नींद में सो गया तो दोनों ने दुपट्टों से उसके हाथ-पैर बांध दिए और तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को दूसरे कमरे में ले जाकर उसके मुंह में सल्फास का घोल डाल दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। इसके बाद कमरे को बंद कर दिया गया।

अगली सुबह महिला ने कहानी बनाते हुए पुलिस को बताया कि उसका पति रात में झगड़ा करने के बाद घर से चला गया था और बाद में लौटकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

महिला जेल भेजी, बेटी बाल संप्रेक्षण गृह में

एसपी सिटी अभय सिंह ने मायापुर स्थित कार्यालय में शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं नाबालिग बेटी को न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में महिला के प्रेमी मोंटी और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *