हरिद्वार: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थियों का मामला, सोहलपुर केंद्र पर दो युवतियां गिरफ्तार, जांच शुरू

हरिद्वार: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थियों का मामला, सोहलपुर केंद्र पर दो युवतियां दूसरों की जगह परीक्षा देते पकड़ी गईं

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के दौरान फर्जी अभ्यर्थियों के पकड़े जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हरिद्वार जिले के बहादराबाद ब्लॉक स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोहलपुर परीक्षा केंद्र पर दो युवतियां अन्य छात्राओं की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ी गईं। मामले के उजागर होने के बाद परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर फिर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार शनिवार को परीक्षा केंद्र पर गृह विज्ञान विषय की बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू हुई। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों द्वारा परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों का सत्यापन किया जा रहा था। इसी प्रक्रिया के दौरान व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में बैठी दो युवतियों की पहचान संदिग्ध लगी।

जब दोनों के प्रवेश पत्रों की गहन जांच की गई तो वे फर्जी पाए गए। इसके बाद परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों की उत्तर पुस्तिकाएं सील कर जब्त कर लीं और उन्हें गोपनीय अनुभाग भेज दिया गया।

जांच में सामने आया कि जिन छात्राओं की जगह परीक्षा दी जा रही थी, वे हरिद्वार के वर्णिका लालयान इंटर कॉलेज, हददीपुर में पंजीकृत हैं। सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापक को आगामी परीक्षाओं में सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए।

केंद्र व्यवस्थापक चंद्रभान ने संबंधित थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर परीक्षा केंद्र पर आठ फर्जी अभ्यर्थियों के पकड़े जाने का मामला सामने आ चुका है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद शिक्षा विभाग परीक्षा केंद्रों पर पहचान सत्यापन प्रक्रिया को और कड़ा करने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *