हरिद्वार में नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी, 7 मार्च को अमित शाह करेंगे निरीक्षण; धामी सरकार की उपलब्धियां भी होंगी प्रदर्शित

हरिद्वार दौरे पर आएंगे गृह मंत्री अमित शाह

उत्तराखंड के हरिद्वार में सात मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान देश में लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों को लेकर एक विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। गृह मंत्री शाह इस प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे और कार्यक्रम के दौरान आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इस प्रदर्शनी के माध्यम से आम जनता और युवाओं को नए कानूनों की जानकारी सरल तरीके से दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकार की प्रमुख उपलब्धियों की झलक भी प्रदर्शनी में दिखाई जाएगी।

बैरागी कैंप में लगेगी राज्यस्तरीय प्रदर्शनी

हरिद्वार के बैरागी कैंप में सात से नौ मार्च तक ‘न्याय संहिता’ विषय पर राज्यस्तरीय प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के प्रमुख प्रावधानों को विस्तार से प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रदर्शनी में इन नए कानूनों की विशेषताओं को सरल और प्रभावी माध्यमों के जरिए समझाया जाएगा, ताकि आम लोग भी इनके प्रावधानों को आसानी से समझ सकें।

नए कानूनों के अहम प्रावधानों पर विशेष फोकस

प्रदर्शनी में समयबद्ध जांच और आरोप-पत्र दाखिल करने की अनिवार्यता, शून्य प्राथमिकी (Zero FIR) और इलेक्ट्रॉनिक प्राथमिकी (E-FIR) जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा सात वर्ष से अधिक सजा वाले अपराधों में अनिवार्य फोरेंसिक जांच की व्यवस्था को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

साथ ही इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्यों की वैधता, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के लिए सख्त प्रावधान, संगठित अपराध, साइबर अपराध और आतंकवाद से संबंधित मामलों में तय किए गए स्पष्ट दंड प्रावधानों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है।

इसके अलावा पीड़ित प्रतिकर योजना और पीड़ित की संपत्ति की शीघ्र वापसी से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी।

राज्य सरकार की उपलब्धियों की भी झलक

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न विभागों की प्रमुख उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रदर्शनी में बुनियादी ढांचे के विकास, सड़कों और संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा क्षेत्र में सुधार, निवेश को बढ़ावा देने, पर्यटन विकास, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए किए गए कार्यों को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं भाजपा की ओर से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *