Haridwar: शारदीय कांवड़ मेले को लेकर ट्रैफिक अलर्ट, 5–15 फरवरी तक हरिद्वार–नजीबाबाद मार्ग पर भारी वाहन प्रतिबंधित

हरिद्वार में शारदीय कांवड़ मेले के आयोजन के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 5 फरवरी की सुबह 8 बजे से 15 फरवरी की रात 12 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस अवधि में हरिद्वार–नजीबाबाद हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए रूट प्लान पहले ही जारी कर दिया गया है। सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में डायवर्जन का सख्ती से पालन कराएं।


भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट तय

  • सिडकुल, देहरादून और ऋषिकेश की ओर से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें बिजनौर, मुरादाबाद अथवा नैनीताल जाना है, उन्हें हरिद्वार–रुड़की–मुजफ्फरनगर मार्ग से भेजा जाएगा।
  • वापसी में भी भारी वाहनों को इसी मार्ग का उपयोग करना होगा।
  • खाद्य सामग्री, पेट्रोलियम उत्पाद, गैस सिलेंडर और मेडिकल सप्लाई जैसे आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक आवागमन की अनुमति दी गई है।
  • देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार से बिजनौर, मुरादाबाद व नैनीताल जाने वाली रोडवेज बसें लाडपुर से नहर पटरी मार्ग के जरिए संचालित होंगी।
  • बिजनौर और नजीबाबाद से हरिद्वार लौटने वाली बसें बिजनौर–गंगा बैराज–मीरापुर–मुजफ्फरनगर होते हुए आएंगी।
  • कोटद्वार से हरिद्वार आने वाली निजी बसों के रूट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

रुड़की–लक्सर–बालावाली मार्ग पर पूर्ण प्रतिबंध

  • रुड़की से लक्सर और बालावाली मार्ग पर भारी और मध्यम वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
  • हालात के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहनों की आवाजाही पर भी अस्थायी रोक लगाई जा सकती है।
  • नजीबाबाद से आने वाले छोटे निजी वाहनों को चिड़ियापुर–श्यामपुर–4.2 डायवर्जन प्वाइंट–चंडी चौकी–चंडी चौक पार्किंग–दीनदयाल–पंतद्वीप–चमगादड़ टापू की ओर भेजा जाएगा।

कांवड़ वाहनों के लिए पार्किंग व आवागमन

  • कांवड़ वाहनों को नजीबाबाद से चिड़ियापुर, श्यामपुर और 4.2 डायवर्जन के रास्ते गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में प्रवेश दिया जाएगा।
  • वापसी में यही वाहन हनुमान मंदिर तिराहा–चंडी भवन तिराहा–चंडी चौक–चंडी देवी रोपवे–4.2 डायवर्जन–श्यामपुर मार्ग से नजीबाबाद लौटेंगे।
  • भीड़ अधिक होने की स्थिति में नजीबाबाद से आने वाले सभी वाहनों को गौरीशंकर व नीलधारा पार्किंग में ही रोक दिया जाएगा।

अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मार्ग

  • दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहन नारसन–मंगलौर–कोर कॉलेज–ख्याति ढाबा–शंकराचार्य चौक से होकर अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग में पहुंचेंगे।
  • अत्यधिक भीड़ होने पर वाहनों को बैरागी कैंप पार्किंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  • पंजाब और हरियाणा से आने वाले श्रद्धालु सहारनपुर–मंडावर–भगवानपुर–सालियर–बिजौली चौक–एनएच-344 मार्ग से निर्धारित पार्किंग स्थलों तक जाएंगे।
  • देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले वाहन नेपाली फार्म–रायवाला–दूधाधारी तिराहा–सर्वानंद घाट–जयराम मोड़ होते हुए पार्किंग स्थलों तक पहुंचेंगे।
  • चीला मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी, जो केवल ऋषिकेश से हरिद्वार आने वाले वाहनों के लिए मान्य होगी।

जीरो जोन और वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था

  • पोस्ट ऑफिस तिराहा से हरकी पैड़ी और भीमगोड़ा बैरियर से हरकी पैड़ी तक का क्षेत्र जीरो जोन रहेगा।
  • शिवमूर्ति से देवपुरा चौक तक कई मार्गों पर वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू किया जाएगा।
  • भीड़ बढ़ने पर चंडी चौक, शिवमूर्ति, तुलसी चौक और बिल्केश्वर तिराहा से ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित किया जा सकता है।
  • ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के लिए अलग से विशेष डायवर्जन रूट तय किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रैफिक प्लान की जानकारी लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर सहयोग करें, ताकि शारदीय कांवड़ मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *