हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले किशोर के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में मृतक का करीबी दोस्त ही आरोपी निकला। बहनों पर अभद्र टिप्पणी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने पत्थर से सिर कुचलकर किशोर की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है।
हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि 7 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का खून से सना शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए और शव की शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान कुनाल (15) पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर (वर्तमान पता लाटोवाली, कनखल) के रूप में हुई।
मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया और आसपास के इलाकों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान फुटेज में कुनाल को शराब के ठेके से शराब खरीदते और एक स्कूटी सवार युवक के साथ जाते हुए देखा गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम निवासी दुर्गा कॉलोनी (पतवारी मंदिर के पीछे), थाना गोवर्धनपुर, उत्तर प्रदेश (वर्तमान पता लाटोवाली, कनखल) के रूप में हुई। घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस को सूचना मिली कि वह मथुरा भाग गया है, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से अपनी नानी के साथ कनखल में रह रहा था और कुनाल उसका दोस्त व पड़ोसी था। 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशे की हालत में कुनाल ने उसकी बहनों पर अभद्र टिप्पणी की और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर कुनाल ने उसे थप्पड़ मारे, जिससे आक्रोश में आकर अरविंद ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर कुनाल के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण कुनाल की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।